सम्पूर्ण भारत
के.नगर, पूर्णिया। दुर्गा पूजा के अवसर पर के.नगर प्रखंड की गोआसी पंचायत स्थित फुटबॉल मैदान में स्वर्गीय जय नारायण यादव मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन गोआसी के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि हरिनंदन यादव द्वारा अपने दिवंगत पिता स्व. जय नारायण यादव की स्मृति में कराया जा रहा है।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुखिया सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष अफरोज आलम और आयोजक हरिनंदन यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर दिगम्बर गुप्ता, पूर्णेंदु सिंह माधव और सुरेश यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
कोला और माझी क्लब हरिनकोल के बीच उद्घाटन मुकाबला
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला कोला और माझी क्लब हरिनकोल की टीमों के बीच खेला गया। मुकाबले को लेकर मैदान में दर्शकों की उत्सुकता बनी रही। टूर्नामेंट के माध्यम से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
21 अक्टूबर को खेला जाएगा फाइनल मुकाबला
आयोजन समिति के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 से 21 अक्टूबर 2026 तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच मुकाबले होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 अक्टूबर को अंडी टोला धमदाहा और बक्सा घाट, 17 अक्टूबर को चकठिया और प्रधान टोला तथा 18 अक्टूबर को विद्या विहार और गोआसी के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद 19 अक्टूबर को पहला सेमीफाइनल और 20 अक्टूबर को दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 21 अक्टूबर को आयोजित होगा।
स्थानीय स्तर पर आयोजित यह फुटबॉल टूर्नामेंट दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल में खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।