सम्पूर्ण भारत,अमौर (पूर्णिया)। अमौर प्रखंड के पहाड़िया स्थित किसान कॉलेज में शुक्रवार को कॉलेज का 46वां स्थापना दिवस सादगीपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के पूर्व प्राचार्य सह निदेशक मोहम्मद शफीक आलम रब्बानी ने की। समारोह की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के आयोजन के साथ हुई।
इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य सह निदेशक मोहम्मद शफीक आलम रब्बानी ने कॉलेज की स्थापना एवं अब तक के सफर को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1980 में जब कॉलेज की स्थापना हुई थी, उस समय क्षेत्र में शिक्षा का स्तर काफी कम था। समाज के प्रबुद्धजनों एवं समाजसेवियों के अथक प्रयास से क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने की पहल की गई। उन्होंने कहा कि कॉलेज के लंबे सफर में शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की निरंतर सेवा के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि कॉलेज से अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों में से कई ने सरकारी सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। कार्यक्रम में कॉलेज कर्मियों एवं विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं सादगी के आदर्श तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण एवं स्वावलंबी जीवन से प्रेरणा लेने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर अजय कुमार विश्वास, रिंकु कुमार, मोहम्मद जियाउर्रहमान, शाहबाज आलम, राजकुमार, राहिल, मोहम्मद शादिक, मोहम्मद जसीम, वासुदेव, अंसार सहित कॉलेज के कर्मी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।