सम्पूर्ण भारत,धमदाहा (पूर्णिया)। धमदाहा नगर पंचायत में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता एवं सरकारी खरीद में GeM पोर्टल के नियमों के उल्लंघन के आरोपों को लेकर वार्ड संख्या 17 निवासी कुंदन रंजन उर्फ चुन्ना ठाकुर ने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी।
हड़ताल स्थल पर वार्ड 17 के पार्षद सहित स्थानीय लोगों ने पहुंचकर अपना समर्थन जताया। अनशन पर बैठे कुंदन रंजन का आरोप है कि नगर पंचायत में लगातार वित्तीय अनियमितताएं की जा रही हैं तथा सरकारी खरीद में GeM पोर्टल के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग की है।
कुंदन रंजन ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा दी। इसी विचार से उन्होंने गांधी जयंती के दिन सत्याग्रह शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिलता और मामले की जांच शुरू नहीं होती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।
समर्थन देने पहुंचे पूर्व मुखिया शरत चंद्र झा ने कहा कि कुंदन रंजन द्वारा उठाई गई मांगों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने नगर पंचायत में वित्तीय अनियमितता और GeM पोर्टल से संबंधित लगाए गए आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग हड़ताल स्थल पर पहुंचे और अपना समर्थन जताया। स्थानीय लोगों का कहना था कि यह मुद्दा केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर पंचायत के व्यापक हित से जुड़ा हुआ है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और नगर पंचायत प्रशासन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
मौके पर श्यामल किशोर झा, हरिवंश झा, दीनानाथ, कुमोद ठाकुर, मुन्ना चौधरी, संजय झा, बंकिम चंद्र ठाकुर, प्रभाष ठाकुर, ऋषि झा, निशिकांत झा, राजकुमार भगत, जोगिंद्र मंडल, युवराज यादव, सुधीर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।