बारिश में बनमनखी ‘डूबा’: सड़कों पर जलजमाव से जनजीवन ठप, लोगों में उबाल.

सम्पूर्ण भारत,बनमनखी (पूर्णिया) लगातार दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने शहर की सूरत बिगाड़ दी है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई मुहल्लों में जलजमाव की गंभीर स्थिति बन गई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

बस स्टैंड से सरस्वती टॉकीज होते हुए चकला और संग्रिला स्कूल जाने वाली सड़कों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। इन इलाकों में सड़कें पूरी तरह पानी में डूबी हुई हैं और ‘झील’ जैसी नजर आ रही हैं। स्थिति यह है कि हल्की बारिश में भी पानी का जमाव हो जाता है, जिससे लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों की नियमित सफाई नहीं होती और जहां नाले बने भी हैं, वहां उनका ड्रेनेज सिस्टम से सही जुड़ाव नहीं है। इसी लापरवाही के कारण पानी की निकासी बाधित रहती है और हर बारिश में यही समस्या विकराल रूप ले लेती है। बस स्टैंड, सरस्वती सिनेमा हॉल, संग्रिला स्कूल और धोकरधारा हनुमान मंदिर के आसपास हालात और भी चिंताजनक बने हुए हैं।

जलजमाव के चलते पैदल चलना भी दूभर हो गया है। महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे कई बार पानी में फिसलकर गिर जाते हैं, वहीं सड़क पर जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो रही है।

स्थानीय निवासी ज्ञानप्रकाश, अक्षर कुमार और शिव शंकर तिवारी ने बताया कि जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण हर साल बारिश में यही परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी आदित्य कुमार ने कहा कि जहां-जहां जलजमाव की समस्या है, वहां समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास का भरोसा दिया है।

फिलहाल, शहरवासी बारिश के बीच जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

#banmankhi_news#editor_sunil_samrat#purnea#sampurnbharatBiharsampurnbharat.com
Comments (0)
Add Comment