पूर्णिया में एलपीजी गैस की उपलब्धता सामान्य, बुधवार को 8681 सिलेंडरों का हुआ वितरण

जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सामान्य और पर्याप्त बनी हुई है। जिला प्रशासन के अनुसार बुधवार को उपभोक्ताओं की मांग के मुकाबले अधिक 8,681 सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि विभिन्न गैस एजेंसियों के पास अभी भी 16,480 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से घबराकर अनावश्यक बुकिंग नहीं करने की अपील की है और गैस एजेंसियों को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

सम्पूर्ण भारत,पूर्णिया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्णिया जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रित है। बुधवार को जिले में कुल 8,681 एलपीजी गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि विभिन्न गैस एजेंसियों के पास अभी भी 16,480 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं।
जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देशन में जिले की गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी गैस एजेंसियों को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी रविशंकर उरांव ने बताया कि बुधवार को जिले में कुल 8,599 उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर की मांग की, जिसके विरुद्ध गैस एजेंसियों ने 8,681 एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया। वर्तमान में जिले में गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों एवं वितरकों को निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी एजेंसी द्वारा वितरण में लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उपभोक्ताओं को परेशान करने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर की बुकिंग न करें तथा घरेलू एलपीजी का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही करें। साथ ही कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अवैध भंडारण की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को देने का आग्रह किया गया है।
किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा सूचना के लिए उपभोक्ता जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06454-242319, 06454-242317 एवं 06454-242320 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

#GasSupply#LPGAvailability#LPGCylinder#LPGGas#PurniaNews
Comments (0)
Add Comment