पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण में लापरवाही, बनमनखी के 15 वीएलई से मांगा गया स्पष्टीकरण

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों का शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने एवं सरकारी आदेशों की अनदेखी करने के मामले में बनमनखी प्रखंड के 15 वीएलई...see more

सम्पूर्ण भारत,पूर्णिया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों का शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने एवं सरकारी आदेशों की अनदेखी करने के मामले में बनमनखी प्रखंड के 15 वीएलई (सीएसपी संचालकों) को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित संचालकों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार जिन वीएलई संचालकों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें जिनगंज के हर्ष राज, मोहलिया चकला के मो. राशिद, राजेश कुमार गुप्ता, स्वदेश कुमार एवं मनीष कुमार, सरसी के विक्रम कुमार सहित अन्य शामिल हैं। इसके अलावा महाराजगंज-1 पंचायत के वीएलई मो. अफजल हुसैन, रिजवाना खातून, जिनगंज के प्रियंशु राज, हर्ष राज, महादेवपुर के रितिक कुमार, मनीष कुमार, दीपमाला कुमारी, मनोरंजन कुमार एवं सुजीत कुमार का नाम भी शामिल है।

डीएम के निर्देश पर बनमनखी बीडीओ द्वारा इन सभी संचालकों से जवाब-तलब किया गया है। स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं देने पर संबंधित संचालकों की सीएससी आईडी स्थायी रूप से रद्द कर दी जाएगी तथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग अमरेश कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी के आदेश के तहत सभी प्रकार के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर जीवन प्रमाणीकरण कराया जाना था। इसके बावजूद कई संचालकों द्वारा कार्य में रुचि नहीं दिखाई गई, जिसके कारण क्षेत्र के सैकड़ों वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग पेंशनधारियों की मार्च 2026 एवं उसके बाद की पेंशन राशि अवरुद्ध हो गई है।

उन्होंने बताया कि यदि संबंधित संचालकों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है अथवा वे अनुपस्थित रहते हैं, तो उनकी सीएससी आईडी ब्लॉक करने की अनुशंसा उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। साथ ही सरकारी कार्य में लापरवाही एवं अवहेलना के आरोप में कानूनी मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।

#banmankhi_news#bihar_assembly_elections_2025#editor_sunil_samrat#purnea#sampurnbharat
Comments (0)
Add Comment