सम्पूर्ण भारत,अमौर (पूर्णिया)। गांधी जयंती के अवसर पर अमौर प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर नशामुक्त समाज के निर्माण एवं लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया गया। ग्राम सभाओं में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं पंचायत कर्मियों ने महात्मा गांधी के विचारों को स्मरण करते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
इस दौरान ग्रामीणों को नशे के कारण होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की जानकारी दी गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक व्यवस्था भी प्रभावित होती है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास एवं जनभागीदारी को जरूरी बताया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में पंचायत स्तर पर नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने, युवाओं को नशे की लत से दूर रखने तथा गांव-गांव में जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों से नशामुक्ति के संदेश को प्रत्येक घर तक पहुंचाने और स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
प्रखंड क्षेत्र की बंगरा मोहदीपुर पंचायत में मुखिया अब्दुल कुद्दुश, पोठिया गंगेली में मुखिया राजेश कुमार विश्वास, बरबट्टा पंचायत में मुखिया गुलाम अजहर, डहुआबाड़ी पंचायत में मुखिया राजेश कुमार तथा खरहिया पंचायत में मुखिया प्रतिनिधि इनायतुल्लाह शेख की उपस्थिति में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई।
वहीं दलमालपुर पंचायत में मुखिया नियाज अहमद, तालबाड़ी पंचायत में मुखिया प्रतिनिधि मोहसिन आलम तथा खारी महीनगांव पंचायत में मुखिया साबिर आलम की मौजूदगी में ग्राम सभा हुई। सभी पंचायतों में ग्रामीणों एवं पंचायत कर्मियों ने नशामुक्ति की शपथ लेते हुए समाज को नशे की बुराई से मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सामाजिक सुधार के विचारों को अपनाने का संदेश भी दिया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।