Sampurn Bharat (sampurnbharat.com) is a premier independent digital news portal operating from Purnea, Bihar since 2020. With our core motto "Sach Dikhane Ka Jazba" (The Passion to Show the Truth), we deliver hyper-local, unbiased, and real-time news coverage spanning politics, crime, and public welfare across Bihar and India.
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर अनुमंडल कार्यालय में समीक्षा बैठक, 12 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
आगामी 15 अगस्त को मनाए जाने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, भव्य एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी के वेश्म में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मियों एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।......see more

सम्पूर्ण भारत,बनमनखी (पूर्णिया)। आगामी 15 अगस्त को मनाए जाने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, भव्य एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी के वेश्म में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मियों एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने की। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम प्रमोद कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का पर्व है। इसे प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी पूरे आन-बान-शान एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ध्वजारोहण कार्यक्रम से पूर्व सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ध्वजारोहण के लिए नए राष्ट्रीय ध्वज, मजबूत रस्सी, सीधा बांस तथा अन्य आवश्यक सामग्रियों की समय रहते व्यवस्था कर ली जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की भी रूपरेखा तय की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी 12 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों से तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश देना है।

बैठक में उपस्थित सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता, सेल्फी विद तिरंगा, हर घर तिरंगा अभियान, देशभक्ति गीत, भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी से राष्ट्रीय पर्व का महत्व और भी बढ़ेगा तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुमरित उच्च विद्यालय के खेल मैदान में छात्र-छात्राओं के बीच फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के सफल संचालन, खिलाड़ियों की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की जिम्मेदारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों को सौंपी गई है। अधिकारियों ने खेल प्रतियोगिता को भी राष्ट्रीय पर्व के आकर्षण का प्रमुख हिस्सा बनाने पर बल दिया।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों को अपने-अपने स्तर पर सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न कराया जा सके।बैठक में डीसीएलआर सुजीत सुमन, बीडीओ अशोक कुमार, सीओ प्रभाष कुमार, नगर परिषद बनमनखी के कार्यपालक पदाधिकारी आदित्य कुमार, नगर पंचायत जानकीनगर के कार्यपालक पदाधिकारी आलोक शंकर, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्वेता रानी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी समीर सुमन, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी संजीव कुमार सुमन, अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार, प्रथम वर्गीय पशु अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नितेश कुमार सिंह, बाल भारती विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।







