
सम्पूर्ण भारत,पूर्णिया: ‘गो सम्मान दिवस’ के अवसर पर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने जिलाधिकारी अंशुल कुमार को ज्ञापन सौंपकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गो संरक्षण तथा गौ हत्या पर सख्त एवं प्रभावी कानून लागू करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि गो माता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आधारशिला हैं, जिनके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है। उन्होंने इसे जनभावनाओं और आस्था से जुड़ा संवेदनशील विषय बताते हुए केंद्र सरकार से शीघ्र निर्णय की अपेक्षा जताई।
इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रियंका झा ने कहा कि गो संरक्षण केवल धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दायित्व भी है। वहीं सीमांचल अध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक ने समाज से इस दिशा में जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रियंका झा ने जिलाधिकारी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं, जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने उन्हें भगवा वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

संगठन ने कहा कि ‘गौ माता’ को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने के लिए देशभर में व्यापक जनआंदोलन चल रहा है, जिसमें उनकी सक्रिय भागीदारी है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री अजय गुप्ता, राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ प्रभारी नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, पूर्णिया जिला अध्यक्ष विजय कुमार, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष डॉ. संतोष शाह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने इस मांग को जनहित एवं सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए केंद्र सरकार से शीघ्र सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।







