Sampurn Bharat (sampurnbharat.com) is a premier independent digital news portal operating from Purnea, Bihar since 2020. With our core motto "Sach Dikhane Ka Jazba" (The Passion to Show the Truth), we deliver hyper-local, unbiased, and real-time news coverage spanning politics, crime, and public welfare across Bihar and India.
*किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ की बैठक सम्पन्न, कालाबाज़ारी पर कार्रवाई नहीं होने पर प्रचण्ड आंदोलन की चेतावनी.*
अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत मलिनियां गाँव में भारतीय किसान संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक जगदीश मिस्त्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उत्तर बिहार के प्रांत महामंत्री ब्रजेश कुमार उर्फ मनोज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।.........

बनमनखी (पूर्णिया)। अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत मलिनियां गाँव में भारतीय किसान संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक जगदीश मिस्त्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उत्तर बिहार के प्रांत महामंत्री ब्रजेश कुमार उर्फ मनोज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन की रीति-नीति, संरचना, आंदोलन की संभावित रूपरेखा, किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु चल रहे प्रयासों एवं आने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही स्वदेशी बीज उत्पादन, जल संरक्षण, ग्राम स्वच्छता, लघु उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर रोजगार सृजन, पशुपालन के प्रोत्साहन तथा ग्रामीण शिक्षा को मजबूत करने जैसे रचनात्मक कार्यों पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रांत महामंत्री मनोज गुप्ता ने कहा कि “भारतीय किसान संघ किसानों का—किसानों के लिए—किसानों द्वारा संचालित देश का सबसे बड़ा गैर-राजनीतिक किसान संगठन है।” उन्होंने कहा कि संगठन पिछले 48 वर्षों से रचनात्मक और आंदोलनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने तथा उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने का कार्य कर रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू नहीं होने और खाद–बीज की खुलेआम हो रही कालाबाज़ारी से किसान परेशान हैं। रबी सीजन के बीच 1350 रुपये का डीएपी 1700 रुपये में तथा 266 रुपये का यूरिया 400 रुपये में बेचा जा रहा है। वहीं 2750 रुपये प्रति पैकेट का पायनियर मक्का बीज 3500 से 4000 रुपये तक किसानों को खरीदना पड़ रहा है।
मनोज गुप्ता ने कहा कि इसकी जानकारी जिला कृषि पदाधिकारी से लेकर संयुक्त कृषि पदाधिकारी, पूर्णिया तक सभी संबंधित अधिकारियों को है, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि “खाद–बीज कालाबाज़ारी में विभागीय अधिकारियों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता।”
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि जिला प्रशासन अविलंब कार्रवाई कर कालाबाज़ारी पर रोक नहीं लगाता है, तो भारतीय किसान संघ प्रचण्ड आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम में शशि शेखर कुमार, दीपक मंडल, प्रभात रंजन उर्फ कुंदन जी, वेदानंद मंडल, चन्दन साह, मिथिलेश कुमार, संजय शर्मा, सुरेंद्र मिस्त्री सहित दर्जनों किसान कार्यकर्ता उपस्थित थे।







