बनमनखी में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर शुरू, एक माह तक मिलेगा चश्मा वितरण का लाभ.
प्रखंड परिसर स्थित बुनियाद केंद्र में सक्षम समाज कल्याण विभाग एवं राज्य स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक माह का विशेष निःशुल्क...See more

सम्पूर्ण भारत, बनमनखी (पूर्णिया):प्रखंड परिसर स्थित बुनियाद केंद्र में सक्षम समाज कल्याण विभाग एवं राज्य स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक माह का विशेष निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर सोमवार, 6 अप्रैल से प्रारंभ हो गया। यह शिविर लगातार एक महीने तक संचालित रहेगा, जिससे सभी आयु वर्ग के महिला, पुरुष एवं बच्चे लाभान्वित हो सकेंगे।
शिविर के पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। बुनियाद केंद्र की केंद्र प्रबंधक अचला कुमारी की देखरेख में तकनीकी कर्मी संतोष कुमार, सहायक अंकित आनंद एवं लेखापाल राजा साहेब द्वारा कुल 40 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 29 लोगों को चश्मा लगाने की सलाह दी गई।
केंद्र प्रबंधक अचला कुमारी ने बताया कि बिहार सरकार की यह पहल आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी है। खासकर उन लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा, जो आर्थिक तंगी के कारण आंखों का इलाज नहीं करा पाते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जांच के बाद पात्र लाभार्थियों को 15 दिनों के भीतर निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके साथ ही, जांच के दौरान यदि किसी मरीज में मोतियाबिंद के लक्षण पाए जाते हैं, तो उन्हें आगे के उपचार एवं ऑपरेशन के लिए आवश्यक सलाह भी दी जाएगी।
शिविर का लाभ उठाने के इच्छुक लोगों को आधार कार्ड की फोटोकॉपी एवं मोबाइल नंबर के साथ बुनियाद केंद्र में पंजीकरण कराना अनिवार्य किया गया है।
सरकार का उद्देश्य है कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की आंखों की रोशनी सुरक्षित रहे और वे स्वस्थ दृष्टि के साथ बेहतर जीवन जी सकें। यह शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।







