पूर्णिया में प्रशासनिक कसावट: डीएम अंशुल कुमार की समीक्षा बैठक में जनकल्याण कार्यों के त्वरित निष्पादन पर जोर.

सम्पूर्ण भारत, पूर्णिया: समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
बैठक में सर्वप्रथम मुख्यालय पटना से प्राप्त अति महत्वपूर्ण पत्रों के निष्पादन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही National Human Rights Commission of India, Bihar Human Rights Commission एवं माननीय न्यायालय से संबंधित मामलों, लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम (RTPS) तथा CPGRAMS के तहत प्राप्त परिवादों की गहन समीक्षा की गई। सभी मामलों में प्रगति संतोषजनक पाई गई।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अति महत्वपूर्ण पत्रों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा न्यायालय से जुड़े मामलों का अनुपालन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही राजस्व संबंधी कार्यों एवं RTPS काउंटर पर प्राप्त सेवाओं का निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि शेष पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण की अंतिम तिथि 15 मई 2026 तक बढ़ा दी गई है। जिलाधिकारी ने इस कार्य की अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया तथा उप विकास आयुक्त पूर्णिया को इसकी नियमित निगरानी करने को कहा।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करना सुनिश्चित करें।







