सम्पूर्ण भारत,रुपौली (पूर्णिया) प्रखंड के टीकापट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयली सिमरा पश्चिम पंचायत के डुमरी गांव (वार्ड संख्या-13) में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अमरजीत कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरजीत कुमार अपने घर में पंखे का कनेक्शन ठीक कर रहा था, इसी दौरान वह अचानक बिजली की चपेट में आ गया। परिजनों द्वारा आनन-फानन में उसे रुपौली अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, अमरजीत की शादी महज 9 दिन पहले ही मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड स्थित लौवा लगाम (बाबा विशु मंदिर, चपरासी मेला) में प्रेम प्रसंग के बाद हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों में इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
इस दुखद घटना से न केवल मृतक का घर, बल्कि ससुराल पक्ष का परिवार भी गहरे सदमे में है। नई नवेली दुल्हन के सिर से सुहाग का साया उठ गया है। गांव में हर ओर शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घरेलू विद्युत कार्य के दौरान सावधानी नहीं बरतने के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने ऐसे कार्यों में सतर्कता और प्रशिक्षित व्यक्ति की मदद लेने की आवश्यकता पर जोर दिया है।