गंगेली पंचायत सरकार भवन में विशेष ग्राम शिविर, योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश

सम्पूर्ण भारत,के.नगर (पूर्णिया)। प्रखंड क्षेत्र की गंगेली पंचायत सरकार भवन में पंचायती राज विभाग एवं भारत सरकार के निर्देशानुसार पीपीसी के तहत विशेष ग्राम सभा सह शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायती राज विभाग, पटना के अपर सचिव डॉ. आदित्य प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
सभा को संबोधित करते हुए अपर सचिव डॉ. आदित्य प्रकाश ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी निष्ठा के साथ धरातल पर उतारने का आह्वान किया। उन्होंने पीपीसी, सुधार उत्सव, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा विभागीय अभिसरण (कन्वर्जेंस) जैसे कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सरकारी कर्मियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुखिया मुन्नी देवी ने अपर सचिव को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बीडीओ मनीष कुमार, सीओ अजीत कुमार झा एवं बीपीआरओ चंद्रदेव प्रसाद ने भी अपर सचिव का अभिनंदन किया। शिविर में सरपंच सुधीर कुमार सिंह, पंचायत सचिव शशि कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक अवधेश कुमार यादव, कार्यपालक सहायक आशुतोष कुमार, किसान सलाहकार संतोष कुमार सहित सभी वार्ड सदस्य, पंच, जीविका दीदियां, आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

इधर, प्रखंड की बिठनौली पश्चिम पंचायत अंतर्गत मनरेगा भवन में भी विशेष ग्राम सभा सह शिविर का आयोजन किया गया। मुखिया सुशील कुमार उर्फ बमबम महतो की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में करीब 500 ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन मुखिया को सौंपे, जिनके त्वरित निष्पादन का आश्वासन दिया गया।

#banmankhi_news#editor_sunil_samrat#purnea#sampurnbharat
Comments (0)
Add Comment