सम्पूर्ण भारत,कटिहार, 5 अक्टूबर। कटिहार शहर के व्यस्त पटेल चौक स्थित कुम्हार टोली में सोमवार सुबह अपराधियों ने कटिहार व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता अजीमुद्दीन उर्फ गुड्डू अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता गुड्डू अंसारी सोमवार सुबह अपने घर से न्यायालय जाने के लिए निकले थे। पटेल चौक के समीप पहुंचने पर हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले उनके साथ मारपीट की गई और इसके बाद गोली मार दी गई। गोली लगने से अधिवक्ता सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद सामने आए वीडियो फुटेज में कुछ युवक अधिवक्ता को घेरते नजर आ रहे हैं। पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों एवं घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। जांच का उद्देश्य हमलावरों की पहचान करने के साथ उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाना है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस एवं वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कटिहार एसपी परिचय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हत्या के पीछे के कारण का पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
इधर, परिजनों की ओर से पुराने विवाद को हत्या की वजह बताए जाने की बात सामने आई है। वहीं, कुछ रिपोर्टों में न्यायालय से जुड़े विवाद का कोण भी सामने आया है। हालांकि, इनमें से किसी भी कारण की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
अधिवक्ता की हत्या के बाद स्थानीय अधिवक्ताओं में भी आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पूर्णिया प्रमंडल के अधिवक्ताओं ने जताया आक्रोश: कटिहार की घटना की सूचना के बाद पूर्णिया, बनमनखी, धमदाहा एवं बायसी अनुमंडल के अधिवक्ता संघों के पदाधिकारियों ने भी घटना की निंदा की है। अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि न्यायालय जाने के दौरान एक अधिवक्ता की इस तरह हत्या की घटना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र उद्भेदन करते हुए घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस फिलहाल सीसीटीवी एवं उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान, घटना के पीछे के कारण और हत्या में प्रयुक्त हथियार से जुड़े साक्ष्यों की जांच में जुटी है।