सम्पूर्ण भारत,बनमनखी(पूर्णियां)अनुमंडल परिसर में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कराने को लेकर रविवार को आंबेडकर चौक पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद बनमनखी के पूर्व नगर अध्यक्ष विजय शाह, शिक्षक संगठन के प्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने अनुमंडल परिसर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग को जनभावना से जुड़ा विषय बताते हुए इस दिशा में सामूहिक पहल करने का निर्णय लिया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. आंबेडकर संविधान निर्माता होने के साथ-साथ सामाजिक न्याय, समानता एवं शिक्षा के प्रतीक हैं। ऐसे महान व्यक्तित्व की प्रतिमा अनुमंडल परिसर में स्थापित होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात होगी।
पूर्व नगर अध्यक्ष विजय शाह ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनकी प्रतिमा स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी और संविधान के मूल्यों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।
बैठक में मौजूद शिक्षक संगठनों एवं समाजसेवियों ने भी प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी से भी इस संबंध में सकारात्मक पहल करने की मांग की गई।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अनुमंडल प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अनुमंडल परिसर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कराने की औपचारिक मांग की जाएगी। उपस्थित लोगों ने इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने का भी संकल्प लिया।