20 अप्रैल को बनमनखी में धूमधाम से मनाई जाएगी भगवान परशुराम जयंती, तैयारियां तेज
नगर परिषद क्षेत्र के शिक्षा नगर में भगवान परशुराम जयंती के आयोजन को लेकर...See more

सम्पूर्ण भारत, बनमनखी (पूर्णिया):नगर परिषद क्षेत्र के शिक्षा नगर में भगवान परशुराम जयंती के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी मुकेश कुमार पांडेय ने की, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
बैठक को संबोधित करते हुए शिव शंकर तिवारी ने बताया कि भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्म अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर हुआ था। उदिया तिथि के अनुसार इस वर्ष अक्षय तृतीया 20 अप्रैल को पड़ रही है, इसलिए इसी दिन जयंती मनाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ग्रंथों में अक्षय तृतीया का विशेष महत्व है। यह तिथि शुभ कार्यों, दान-पुण्य एवं धार्मिक अनुष्ठानों के लिए अत्यंत फलदायी मानी जाती है। बनमनखी में पिछले कई वर्षों से परशुराम जयंती मनाई जाती रही है, लेकिन इस वर्ष इसे और अधिक भव्य एवं आकर्षक रूप में आयोजित करने का संकल्प लिया गया है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जयंती के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाएगा। साथ ही विशिष्ट एवं मुख्य अतिथियों को आमंत्रित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।
आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां तय की गईं और समिति के सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।
बैठक में प्रमुख रूप से बम शंकर झा, गोपाल सिंह, दिलीप झा, उदय बाबा, अखिलेश कुंवर, संतोष कुमार झा, विनोद मिश्रा, विजय सिंह, गोल्डन झा, पंडित कन्हैया मिश्रा, धीरज झा, राजेश रमन चौबे, अमित कुमार, मानवेंद्र चौबे एवं आदित्य कुमार ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और भगवान परशुराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।







