Sampurn Bharat (sampurnbharat.com) is a premier independent digital news portal operating from Purnea, Bihar since 2020. With our core motto "Sach Dikhane Ka Jazba" (The Passion to Show the Truth), we deliver hyper-local, unbiased, and real-time news coverage spanning politics, crime, and public welfare across Bihar and India.
*बनमनखी में विकास योजनाओं की गहन समीक्षा, हर माह जनता दरबार लगाने का निर्देश:विधायक.*
*बिचौलियों पर सख्ती, सीसीटीवी से होगी निगरानी*

बनमनखी (पूर्णिया): बनमनखी अनुमंडल कार्यालय के सभागार में शनिवार को प्रखंड एवं अनुमंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता स्थानीय विधायक सह मुख्य सचेतक कृष्ण कुमार ऋषि ने की।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार, अंचल सह राजस्व पदाधिकारी बालकृष्ण भारद्वाज, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी चंदन कुमार, नगर परिषद बनमनखी के कार्यपालक पदाधिकारी आदित्य कुमार, नगर पंचायत जानकीनगर के कार्यपालक पदाधिकारी आलोक शंकर, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी संजीव कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी समीर कुमार सुमन तथा अनुमंडल प्रभारी चिकित्सक पदाधिकारी प्रिंस कुमार सुमन उपस्थित रहे। इसके अलावा कृषि, कल्याण, सहकारिता, बाल विकास विभाग के पदाधिकारी, संबंधित थाना के थानाध्यक्ष एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
*योजनाओं की प्रगति पर हुई गहन समीक्षा.*
बैठक के दौरान विधायक द्वारा विभिन्न विभागों में संचालित सरकारी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। योजनाओं की प्रगति, आम जनता को मिल रहे लाभ, लंबित मामलों तथा कार्यों में सुधार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस क्रम में 11 वासगीत पर्चा धारकों का नामांतरण कराते हुए उन्हें पर्चा एवं रसीद का वितरण भी किया गया।
*हर माह जनता दरबार अनिवार्य.*

बैठक के उपरांत विधायक श्री ऋषि ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब प्रत्येक माह प्रखंड स्तर पर जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी विभागों के पदाधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। जनता की शिकायतों की सुनवाई कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पंचायत स्तर पर संचालित शिविरों एवं योजनाओं की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वासगीत पर्चा धारकों को नामांतरण कर रसीद उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। शनिवार को 11 लाभार्थियों को वासगीत पर्चा के साथ नामांतरण शुद्धि पत्र एवं रसीद प्रदान की गई।
*बिचौलियों पर कसेगा शिकंजा.*
विधायक श्री ऋषि ने कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कार्यालयों में बिना बिचौलियों के कोई काम नहीं होता। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रखंड कार्यालय में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कराई जाएगी। जो लोग अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालय आते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र, मनरेगा एवं अंचल कार्यालय में मोटेशन के नाम पर अवैध उगाही की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रत्येक माह प्रखंड एवं अनुमंडल स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि पारदर्शी प्रशासन और जनता को समयबद्ध न्याय मिल सके।







