देवोत्तर में तीन देशी कट्टा समेत हथियार बरामद, एक गिरफ्तार

एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी, त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप

बनमनखी(पूर्णियां)। बनमनखी थाना क्षेत्र के देवोत्तर वार्ड नंबर-09 में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीन देशी कट्टा (पिस्टल), एक जिंदा गोली, एक खोखा, एक चाकू एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में पुलिस ने राजीव कुमार, पिता नंदकिशोर यादव, निवासी देवोत्तर वार्ड नंबर-09 को गिरफ्तार किया है।

मामले की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बनमनखी शैलेश प्रीतम ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि 22 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवोत्तर वार्ड नंबर-09 निवासी राजीव कुमार के पास अवैध हथियार मौजूद है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर उनके नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजीव कुमार के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान तीन देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक खोखा, एक चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मामले में बनमनखी थाना कांड संख्या 294/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। अनुसंधान के क्रम में 23 सितंबर को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बताया कि अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

इधर, देवोत्तर में अवैध हथियार की सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर हथियारों की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी किए जाने को लेकर एसडीपीओ शैलेश प्रीतम की कार्यशैली और बनमनखी अनुमंडल में पुलिसिंग को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा है। पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ने की बात कही जा रही है।

छापेमारी टीम में एसडीपीओ शैलेश प्रीतम, पुलिस निरीक्षक-सह-थानाध्यक्ष विजय कुमार यादवेन्दु, पुलिस अवर निरीक्षक ऋषि यादव, सहायक अवर निरीक्षक प्रेमरंजन तिवारी, सहायक अवर निरीक्षक संजीव कुमार तथा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

#banmankhi_news#editor_sunil_samrat#sampurn_bharat#sdpo_banmankhi
Comments (0)
Add Comment