बनमनखी में तीन दिवसीय राजकीय बाबा दीनाभद्री महोत्सव संपन्न, सांस्कृतिक रंग में रंगा जनसमूह.
बनमनखी में तीन दिवसीय राजकीय बाबा दीनाभद्री महोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रमों और श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

बनमनखी (पूर्णिया):बनमनखी अनुमंडल के नगर परिषद वार्ड-11 स्थित सुमरित उच्च विद्यालय के खेल मैदान में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय बाबा दीनाभद्री महोत्सव गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया।
समापन अवसर पर स्थानीय विधायक सह सचेतक कृष्ण कुमार ऋषि, अनुमंडल पदाधिकारी प्रमोद कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रितम ने बाबा दीनाभद्री की प्रतिमाओं का दर्शन कर पंडित मिथलेश मिश्र के निर्देशन में विधि-विधान से हवन-पूजन किया।
इस अवसर पर विधायक कृष्ण कुमार ऋषि ने कहा कि बनमनखी में छठी बार आयोजित इस राजकीय महोत्सव की सफलता यह दर्शाती है कि लोग आज भी अपनी संस्कृति और इतिहास के प्रति जागरूक हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक मंडलियों द्वारा लोकधुन आधारित कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। समापन समारोह में मंडलियों के सभापतियों को मोमेंटो, प्रशस्ति-पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं कलाकारों को भी अंगवस्त्र एवं टोपी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में एसडीओ प्रमोद कुमार, एसडीपीओ शैलेश प्रितम, पीजीआरओ अतुल आनंद, सिटी मैनेजर वैभव आनंद, थानाध्यक्ष संजय कुमार सहित अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
16 से 19 मार्च तक आयोजित इस महोत्सव में मैथिली संगीत, लोकधुन एवं पारंपरिक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा दीनाभद्री की पूजा-अर्चना की और आयोजन की सराहना की। समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।







