मंदिर की जमीन विवाद में प्रशासन की पहल रंग लाई, दो समुदायों के बीच सुलह.

मंदिर की जमीन को लेकर भरत प्रसाद गुप्ता एवं मो. पंचू के बीच चल रहा विवाद राजस्व अधिकारी बालकृष्ण भारद्वाज और थाना अध्यक्ष राजू कुमार की पहल से सुलझ गया। दोनों पक्षों ने गले मिलकर आपसी सहमति से मामला खत्म किया।

बनमनखी(पूर्णियां):एन.एच.-107 स्थित चौक के समीप मंदिर की जमीन को लेकर दो समुदायों के बीच चल रहा विवाद प्रशासन की सक्रिय पहल से सुलझ गया। राजस्व अधिकारी बालकृष्ण भारद्वाज एवं थाना अध्यक्ष राजू कुमार ने संयुक्त रूप से हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर वार्ता कराई, जिसके बाद आपसी सहमति से मामला शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया।

 

जानकारी के अनुसार, मंदिर की जमीन को लेकर भरत प्रसाद गुप्ता एवं मो. पंचू के बीच विवाद चल रहा था, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को समझाइश दी।

 

बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता अखिलेश सिंह,ओम प्रकाश गुप्ता एवं महेंद्र गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। प्रशासन की पहल पर दोनों पक्षों ने आपसी भाईचारे को प्राथमिकता देते हुए विवाद समाप्त करने पर सहमति जताई।

 

राजस्व अधिकारी बालकृष्ण भारद्वाज ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं थाना अध्यक्ष राजू कुमार ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने गले मिलकर विवाद खत्म किया और भविष्य में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

#थाना_प्रशासन#प्रशासनिक_पहल#मंदिर_जमीन_विवाद#राजस्व_विभाग#शांति_व्यवस्था#समुदायिक_एकता#सौहार्द
Comments (0)
Add Comment