बनमनखी में भव्य रामनवमी शोभायात्रा, जय श्रीराम के नारों से गूंजा नगर.

बनमनखी में रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा निकली, हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में नगर भक्तिमय रहा और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।

बनमनखी(पूर्णियां):-मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को बनमनखी नगर में रामनवमी शोभा समिति के तत्वावधान में भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा शहर “जय श्रीराम” के नारों से गुंजायमान हो उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

 

शोभायात्रा रेलवे दुर्गा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नेहरू चौक, मीलपट्टी, मंगलचंद चौक, कोशी प्रोजेक्ट, बस स्टैंड, विशाल बजरंगबली, राजहाट, मवेशी हाट एवं प्रकाश मेडिकल सहित नगर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए पुनः रेलवे दुर्गा मंदिर परिसर में संपन्न हुई।

 

यात्रा में पारंपरिक शस्त्र, घोड़े, ढाक, आकर्षक झांकियां, ड्रोन कैमरा, मोटरसाइकिल रैली, बैंड-बाजा एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का भव्य प्रदर्शन किया गया। शोभायात्रा का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष गुड्डू चौधरी ने किया। शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु इसमें शामिल हुए और पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।

 

नगर परिषद की मुख्य पार्षद संजना देवी सहित विहिप, बजरंग दल, भाजपा, जदयू एवं अभाविप के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पारंपरिक शस्त्रों के साथ विभिन्न करतब प्रस्तुत किए। खासकर बंगाल से आई झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिनमें नंदी पर सवार पार्वती, दुर्गा माता, हनुमान, रावण, बाघ एवं भालू की जीवंत झलकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

 

शोभायात्रा की एक झलक पाने के लिए शहर की सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा नगर भगवामय वातावरण में रंगा नजर आया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए पानी, शरबत, खीर, लस्सी एवं फल की व्यवस्था की गई।

 

*सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:-*
सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। अनुमंडल प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। एसडीओ प्रमोद कुमार, एसडीपीओ शैलेश प्रीतम, बीडीओ सह अंचलाधिकारी अशोक कुमार, बीपीआरओ चंदन कुमार, पीजीआरओ अतुल आनंद, थाना अध्यक्ष संजय कुमार एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी आदित्य कुमार लगातार शोभायात्रा की निगरानी करते रहे।

 

*भाईचारे की मिसाल बना आयोजन:-*
रामनवमी शोभायात्रा के दौरान नगर के दर्जी पट्टी, रहमत नगर एवं मंगलचंद चौक पर हिन्दू-मुस्लिम एकता का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। मुस्लिम समाज के लोगों ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शरबत पिलाकर प्रेम, एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया। अन्य स्थानों पर भी विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं का स्वागत कर सामाजिक समरसता की सुंदर मिसाल पेश की गई।

#HinduFestival#RamNavami2026#रामनवमी#शोभायात्राbanmankhi
Comments (0)
Add Comment