*बेटियों के सशक्तिकरण के लिए पूर्णिया में एकलव्य छात्रावास की मांग, सांसद पप्पू यादव ने केंद्र से की पहल.*

सम्पूर्ण भारत, पूर्णिया ब्यूरो:सीमांचल क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा और कौशल विकास को लेकर पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने केंद्र सरकार के समक्ष एक महत्वपूर्ण मांग रखी है। उन्होंने जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना सहित विभिन्न केंद्रीय पहलों पर चर्चा के दौरान पूर्णिया में एकलव्य छात्रावास ब्लॉक स्थापित करने की आवश्यकता को जोरदार ढंग से उठाया।

 

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पिछड़े, दलित, एससी, एसटी और ईबीसी वर्ग की बेटियों को शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से सशक्त बनाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने विशेष रूप से सीमांचल और कोसी क्षेत्र में इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से वंचित रहा है।

 

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आर्थिक और सामाजिक कारणों से बड़ी संख्या में गरीब परिवारों की बेटियाँ 10वीं या 11वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं। यदि पूर्णिया सहित सीमांचल क्षेत्र में एकलव्य छात्रावास की स्थापना होती है, तो इन छात्राओं को सुरक्षित आवास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

 

सांसद ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि जब झारखंड, सीमांचल, कोसी और बेतिया जैसे अत्यंत पिछड़े क्षेत्रों को प्राथमिकता देने की बात कही जाती है, तो यहां एकलव्य छात्रावास एवं कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की ठोस योजना क्यों नहीं बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल शिक्षा को बढ़ावा देगी, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का भी आधार बनेगी।

 

उन्होंने आदिवासी बहुल क्षेत्रों में खेल स्टेडियम, छात्रावास और कौशल विकास केंद्रों की स्थापना पर भी जोर देते हुए कहा कि यदि बेटियों को शिक्षा, खेल और हुनर से जोड़ा जाए, तो वे अपने परिवार और समाज के विकास में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

 

सांसद पप्पू यादव ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत पूर्णिया एवं सीमांचल क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए एकलव्य छात्रावास ब्लॉक, कौशल विकास योजनाएं और खेल अवसंरचना की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक विकास का लाभ पहुंच सके।

Comments (0)
Add Comment