सम्पूर्ण भारत,पूर्णिया:-जिले के कृत्यानंद नगर, श्रीनगर एवं बेसा प्रखंड में मातृ स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रखंड प्रशासन ने संकल्प लिया है कि क्षेत्र की सभी गर्भवती एवं धात्री माताओं को एनीमिया मुक्त बनाया जाएगा।
इसी क्रम में सोमवार को प्रखंड अस्पताल के सभागार में प्रसव कक्ष से जुड़ी सभी एएनएम (सहायक नर्स दाई) के लिए एफसीएम (फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज) का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिवाकर, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सबा एवं सुनीता कुमारी ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार, निशि कुमारी एवं आलोक वर्मा की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में एएनएम कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्हें एनीमिया की पहचान, रोकथाम एवं उपचार से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे जमीनी स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कर सकें।
प्रशिक्षण जिला स्तर से आई पिरामल स्वास्थ्य टीम द्वारा प्रदान किया गया, जिसमें सनत गुहा, याकूब मुजफ्फर एवं अमित शर्मा शामिल थे।
इस दौरान एफसीएम के प्रभावी उपयोग, सुरक्षित मातृत्व तथा एनीमिया नियंत्रण के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रखंड प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस पहल से मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को एनीमिया से मुक्ति दिलाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।